‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान: कोतवाली व मानिकपुर पुलिस की सघन पेट्रोलिंग, 11 निगरानीशुदा बदमाशों का किया सत्यापन

कोरबा। जिले में अपराध नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना कोतवाली एवं चौकी मानिकपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन मोटर साइकिल और पैदल पेट्रोलिंग अभियान चलाया। इस दौरान 11 निगरानीशुदा गुंडा-बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया और भविष्य में अपराध से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान पुराने बस स्टैंड, सीतामणी चौक, मोतीसागरपारा, पावर हाउस रोड, राताखार चौक, सर्वमंगला, फोकटपारा, पानी टंकी मोहल्ला, शुभम ब्लॉक, मुड़ापार, रविशंकर नगर, अमरेया पारा सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई।

पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की गई। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, आम नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।

पुलिस ने निगरानीशुदा 11 बदमाशों को कानून का पालन करने, शांतिपूर्ण जीवन जीने और किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की हिदायत दी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि भविष्य में अपराध में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा पुलिस ने बताया कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने, अपराधों की रोकथाम और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के लिए सघन पेट्रोलिंग एवं अभियानात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

About The Author