‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान: बैंक कैश वैन चालकों और सुरक्षा गार्डों को पुलिस ने दिए सुरक्षा के गुर
कोरबा। जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के विभिन्न बैंकों के कैश वैन चालकों एवं सुरक्षा गार्डों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने कैश परिवहन के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में कैश वैन की सुरक्षा को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए चालकों और सुरक्षा गार्डों से पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की गई।
बैठक में कैश परिवहन के दौरान निर्धारित एसओपी का पालन करने, तय मार्ग और समय के अनुसार वाहन संचालित करने, बिना आवश्यकता वाहन नहीं रोकने, संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर नजर रखने, कैश लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तत्काल डायल-112, कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सुरक्षा गार्डों को ड्यूटी के दौरान हथियार एवं सुरक्षा उपकरण हर समय तैयार रखने, संचार माध्यमों को सक्रिय रखने तथा कैश वैन से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी अनधिकृत व्यक्ति से साझा नहीं करने की भी हिदायत दी गई।
कोरबा पुलिस ने कहा कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के माध्यम से जिले में अपराध नियंत्रण, जनजागरूकता और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।









