कोरबा: चढ़ाई पर पलटा मुरुम से भरा ट्रैक्टर, चालक की दबकर मौत, एक घायल

कोरबा। जिले के जटगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत लालमट्ठा घरसा चढ़ान पर शनिवार को मुरुम से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक बनवारी लाल पटेल (40) की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर में सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही जटगा चौकी प्रभारी भीमसेन यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चढ़ाई के दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ना और वाहन का ओवरलोड होना माना जा रहा है। परिजनों के अनुसार मृतक बनवारी लाल पटेल खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

About The Author