CG NEWS: कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर की टक्कर से एक्टिवा सवार युवक की मौके पर मौत
कोरबा। जिले में दमऊधारा मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक्टिवा सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
यह हादसा उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिलकेजा के पास आमापाली गांव के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
तेज टक्कर से उछलकर दूर जा गिरा युवक
जानकारी के अनुसार, हादसा सक्ती मुख्य मार्ग पर तिलकेजा और आमापाली गांव के बीच हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक्टिवा सवार युवक कोरबा की ओर से आ रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक उछलकर दूर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने पर डायल 112 और उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
मृतक की अभी तक आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि, उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक रायगढ़ जिले के पटेलपाली गांव का निवासी गजानन चौहान हो सकता है।
ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।









