छत्तीसगढ़ में फिर एक्शन: शराब कारोबारी के घर ACB-EOW की दबिश

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शनिवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई शहर के कान्हा विहार स्थित कारोबारी अहिंदर के निवास सहित उससे जुड़े अन्य ठिकानों पर की गई।

सुबह से शुरू हुई कार्रवाई, कई घंटे चली जांच
जानकारी के अनुसार ACB और EOW की टीम सुबह ही कान्हा विहार पहुंच गई थी। अधिकारियों ने कारोबारी से पूछताछ करने के साथ-साथ उसके वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज, रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड की गहन जांच की। दोपहर तक चली इस कार्रवाई के दौरान इलाके में हलचल का माहौल रहा।

महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियों ने कारोबारी के आय-व्यय, व्यवसायिक गतिविधियों और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की विस्तृत पड़ताल की। इस दौरान कई अहम दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त किए गए, जिन्हें आगे की जांच के लिए अपने साथ ले जाया गया है।

शराब घोटाले से कनेक्शन की जांच
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां इस कार्रवाई के दौरान प्रदेश के चर्चित शराब घोटाले से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं। जब्त दस्तावेजों के आधार पर कारोबारी के लेनदेन और संपर्कों की गहराई से जांच की जा रही है।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि जिले में इससे पहले आबकारी विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ भी मामला दर्ज हो चुका है। ऐसे में इस छापेमारी को शराब घोटाले की जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।ACB और EOW की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस मामले में और कौन-कौन शामिल है।

About The Author