कोयला खदान में हादसा: लोडिंग के दौरान ट्रेलर ने मारी टक्कर, चालक की मौत

कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की कुसमुण्डा खदान में एक दर्दनाक सड़क हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई। घटना के बाद खदान क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार हादसा कुसमुण्डा खदान के 3 नंबर बैरियर के पास हुआ। कोयला लोडिंग के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही के बीच एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने दूसरे वाहन चालक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक वाहन सहित लगभग 20 मीटर तक घसीटता चला गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। खदान में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान पाली विकासखंड के ग्राम सीस निवासी नरेश केंवट के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुसमुण्डा खदान क्षेत्र में कोयला परिवहन और लोडिंग कार्य के दौरान भारी वाहनों की अत्यधिक आवाजाही रहती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।

ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों का कहना है कि खदान क्षेत्रों में होने वाले हादसों की जांच के लिए अक्सर संबंधित एजेंसियों की टीम पहुंचती है, लेकिन उनकी रिपोर्ट और कार्रवाई का असर जमीनी स्तर पर नजर नहीं आता। उन्होंने खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

About The Author