CCPL फाइनल में बवाल’ चीयर लीडर्स पर टिप्पणी के बाद दर्शकों में जमकर मारपीट
CCPL रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 के फाइनल मुकाबले के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब दर्शकों के एक वर्ग ने चीयर लीडर्स पर अभद्र टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दर्शकों के बीच मारपीट हो गई और मैदान में बोतलें तक फेंकी गईं। सुरक्षा कारणों से चीयर लीडर्स को तत्काल मैदान से बाहर भेजना पड़ा।
रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचे थे। मैच के दौरान शुरू में माहौल उत्साहपूर्ण रहा, लेकिन कुछ दर्शकों की हुड़दंगी के चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोगों ने चीयर लीडर्स पर भद्दी टिप्पणियां कीं, जिसका अन्य दर्शकों ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
CG NEWS : 8 लोगों की मौत से हड़कंप, प्रशासन की जांच पर ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
विवाद बढ़ने पर स्टेडियम में मौजूद सुरक्षा कर्मियों और आयोजकों ने तत्काल हस्तक्षेप किया। इस दौरान कुछ शरारती तत्वों द्वारा मैदान की ओर पानी की बोतलें और अन्य वस्तुएं फेंके जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालात को देखते हुए आयोजन समिति ने चीयर लीडर्स को सुरक्षा के मद्देनजर मैदान से बाहर भेज दिया।
हालांकि हंगामे के बावजूद मैच को कुछ समय बाद दोबारा शुरू कराया गया और खेल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर बुल्स ने CCPL सीजन-3 का खिताब अपने नाम कर लिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दर्शकों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद खेल प्रेमियों और आम लोगों ने स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।









