कोरबा प्रेस क्लब चुनाव 2026-28 का ऐलान, 14 जून को मतदान और उसी दिन परिणाम
कोरबा, 08 जून। कोरबा प्रेस क्लब के बहुप्रतीक्षित चुनाव 2026-28 की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. छेदीलाल अग्रवाल ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि इस बार कुल 166 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
चुनाव में संरक्षक, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, उपसचिव, कोषाध्यक्ष सहित कार्यकारिणी सदस्य के 3 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत कार्यक्रम तय किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 9 जून को सुबह 10 बजे प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 10 जून को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक मतदाता सूची पर दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकेगी। उसी दिन शाम 4 बजे अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
नामांकन प्रक्रिया 11 जून से शुरू होगी। 11 जून को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्रों का विक्रय किया जाएगा। वहीं 12 जून को इसी समयावधि में प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी कर दोपहर 2:30 बजे प्रत्याशियों की प्रारंभिक सूची जारी की जाएगी।
12 जून को ही शाम 4 बजे तक दावा-आपत्ति और निराकरण के बाद शाम 4:30 बजे अंतिम प्रत्याशी सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 13 जून को दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि 14 जून रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद उसी दिन शाम 4 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणामों की घोषणा भी कर दी जाएगी।
चुनाव की घोषणा के साथ ही पत्रकारों के बीच हलचल तेज हो गई है और संभावित प्रत्याशी अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। प्रेस क्लब के इस चुनाव को लेकर शहर के पत्रकारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।









