कोरबा: बदलते मौसम को लेकर CMHO डॉ. एस.एन. केसरी की सलाह, स्वास्थ्य के प्रति बरतें सतर्कता
कोरबा। जिले में मौसम के लगातार बदलते मिजाज को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एस.एन. केसरी ने आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दिन में गर्मी और शाम के समय मौसम में बदलाव के कारण सर्दी, खांसी, वायरल बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
डॉ. केसरी ने बताया कि बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सतर्क रहने की आवश्यकता है। बदलते मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो सकती है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पीने, ताजा एवं पौष्टिक भोजन करने तथा बाहर का दूषित खाद्य पदार्थ खाने से बचने की सलाह दी। साथ ही तेज धूप में निकलने पर सिर को ढंकने और मौसम के अनुसार कपड़े पहनने की भी अपील की।
CMHO ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार बुखार, खांसी, गले में दर्द, उल्टी-दस्त या सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायत हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए। स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श लेना अधिक सुरक्षित है।
उन्होंने नागरिकों से साफ-सफाई बनाए रखने, हाथों को नियमित रूप से धोने और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की भी सलाह दी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।









