कोरबा में जंगल के बीच चल रहा था जुए का फड़, पुलिस ने मारा छापा; 11 जुआरी गिरफ्तार, 11.56 लाख की संपत्ति जब्त
कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने सिंघाली के जंगल में जुए के फड़ पर दबिश देकर आरोपियों को जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई में पुलिस ने 74,500 रुपये नकद, 15 मोबाइल फोन और 15 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 11 लाख 56 हजार 500 रुपये बताई गई है।
सिंघाली जंगल में चल रहा था जुए का फड़
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को बांकीमोंगरा थाना पुलिस को सिंघाली जंगल में जुआ खेलने की सूचना मिली थी। इसके बाद बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान 11 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और अन्य सामान जब्त किया।
11.56 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 11,56,500 रुपये की संपत्ति जब्त करने की जानकारी दी है। इसमें शामिल हैं—
- नकद रकम: 74,500 रुपये
- मोबाइल फोन: 14 एंड्रॉयड और 1 की-पैड फोन, कुल कीमत 2.82 लाख रुपये
- दोपहिया वाहन: बुलेट और स्कूटी समेत 15 मोटरसाइकिल, अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये
- कुल जुमला जब्ती: 11 लाख 56 हजार 500 रुपये
गिरफ्तार किए गए 11 आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में शिवमोहन सिंग (50), अमित कुमार श्रीवास्तव (48), सफिक खान (25), संजू कुमार साहू (27), ईश्वरी साहू (37), विजय कुमार (52), हेमंत बहादुर कार्की (50), सुमीत यादव (28), अभिमन्यु सिंग (35), सुरेंद्र चौहान (39) और राजू नाहक (33) शामिल हैं।
आरोपियों में बालकोनगर, मानिकपुर, बांकीमोंगरा, कुसमुंडा और कोरबा के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिवत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में जुआ संचालित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।









