कोरबा में मुंबई के चांदी व्यापारी परेशान, चोरी के बाद FIR नहीं, GST दफ्तर में फंसा लाखों का माल

कोरबा। मुंबई से छत्तीसगढ़ में चांदी के जेवरातों की सप्लाई करने वाले व्यापारी संजय कुमार बाहेती इन दिनों पुलिस और केंद्रीय जीएसटी विभाग की कार्रवाई से परेशान हैं। व्यापारी का आरोप है कि कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में बस यात्रा के दौरान उनके 10 किलो चांदी के जेवर चोरी हो गए, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज करने के बजाय उन्हीं पर संदेह जताना शुरू कर दिया।

बस से गायब हुए चांदी के बैग

जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी संजय कुमार बाहेती 13 मई को अंबिकापुर से रायपुर जा रही बस में करीब 23 किलो चांदी के जेवर लेकर सफर कर रहे थे। देर रात करीब 1 बजे बांगो थाना क्षेत्र के एक होटल में बस रुकी। इसी दौरान संजय लघुशंका के लिए नीचे उतरे और अपने तीन बैग सीट पर छोड़ दिए।

वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि 10 किलो चांदी वाले दो बैग गायब थे। व्यापारी ने तत्काल इसकी शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि बस चालक ने उन्हें गुमराह किया और किसी से संपर्क नहीं करने दिया।

पुलिस पर गंभीर आरोप

संजय बाहेती का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर बांगो थाने पहुंचे, तो पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया। व्यापारी के अनुसार पुलिस ने उल्टा उन्हीं पर शक जताते हुए कहा कि “आपके पास कोई माल नहीं था, और यदि था भी तो चोरी आपने खुद की है।”

इसके बाद पुलिस ने बची हुई 12 किलो 377 ग्राम चांदी जब्त कर उसके दस्तावेज केंद्रीय जीएसटी कार्यालय भेज दिए।

GST कार्यालय के चक्कर काट रहे व्यापारी

व्यापारी का कहना है कि उन्होंने चांदी से जुड़े सभी वैध दस्तावेज जमा कर दिए हैं, इसके बावजूद केंद्रीय जीएसटी विभाग अब तक माल रिलीज नहीं कर रहा है। पिछले कई दिनों से वे कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

व्यापारियों में नाराजगी

मामले की जानकारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, जगदीश सोनी, सुभाष अग्रवाल सहित कई व्यापारी नेता बुधवार को जीएसटी कार्यालय पहुंचे। व्यापारियों ने अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताते हुए जमकर विरोध किया।

व्यापारियों ने कहा कि यदि सभी वैध दस्तावेज होने के बावजूद व्यापारी को परेशान किया जा रहा है, तो यह व्यापारिक माहौल के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

आंदोलन की चेतावनी

चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मुंबई के व्यापारी को जल्द न्याय नहीं मिला और जब्त चांदी वापस नहीं की गई, तो कोरबा के व्यापारी आंदोलन करेंगे।

व्यापारियों ने बांगो पुलिस के व्यवहार पर भी सवाल उठाए और कहा कि चोरी की शिकायत दर्ज करने के बजाय पीड़ित व्यापारी पर ही संदेह करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

फिलहाल व्यापारी संजय कुमार बाहेती न्याय और अपने माल की वापसी की उम्मीद में प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।

About The Author