कोरबा जिले को मिली निशुल्क डायलिसिस सुविधा की सौगात रोटरी क्लब कोरबा एवं एमजेएम हॉस्पिटल के संयुक्त प्रयास से चार डायलिसिस मशीनों का शुभारंभ
कोरबा। जिले के जरूरतमंद किडनी मरीजों के लिए एक बड़ी राहत भरी पहल करते हुए रोटरी क्लब कोरबा एवं मीना जैन मेमोरियल हॉस्पिटल (MJM Hospital) के संयुक्त तत्वावधान में आज “रोटरी–एमजेएम डायलिसिस सेंटर” का शुभारंभ किया गया। इस जनसेवा परियोजना के अंतर्गत चार अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनों की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से प्रतिदिन जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के गवर्नर रोटेरियन अमित जायसवाल थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सीएमएचओ डॉ. सूर्य नारायण केसरी एवं रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष राम सिंह अग्रवाल उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में रोटेरियन अमित जायसवाल ने रोटरी क्लब की इस सेवा परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि समाजहित में किया गया यह प्रयास हजारों मरीजों के लिए जीवनदायी सिद्ध होगा। उन्होंने एमजेएम हॉस्पिटल के संचालक डॉ. प्रदीप जैन एवं डायरेक्टर प्रिंस जैन के सेवा भाव एवं सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा कि कोरबा जिले को इस सुविधा से बड़ी राहत मिलेगी।

रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष राम सिंह अग्रवाल ने रोटरी क्लब द्वारा समय-समय पर किए जा रहे जनहित कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए इस पहल को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
सीएमएचओ डॉ. सूर्य नारायण केसरी ने कहा कि डायलिसिस उपचार के दौरान यदि आयुष्मान कार्ड से अतिरिक्त राशि की आवश्यकता पड़ती है, तो प्रधानमंत्री योजना के माध्यम से उस राशि की सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे मरीजों को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब कोरबा के सचिव संतोष जैन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में समाजसेवी, चिकित्सकगण एवं रोटरी सदस्य कार्यक्रम में उपस्थित रहे।









