कोरबा/पाली में भीषण गर्मी का कहर: हीट स्ट्रोक से बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मौत, जनजीवन प्रभावित
कोरबा। नौतपा शुरू होने से पहले ही छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी और लू का असर अब इंसानों के साथ-साथ जीव-जंतुओं पर भी दिखाई देने लगा है। नगर पंचायत पाली में तापमान बढ़ने के कारण बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मौत हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि इनकी मौत हीट स्ट्रोक के कारण हुई है।
पेड़ों से गिरकर मर रहे चमगादड़
स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज गर्मी के चलते पेड़ों पर उलटे लटके चमगादड़ गर्मी सहन नहीं कर पा रहे हैं और नीचे गिरकर दम तोड़ रहे हैं। एक पेड़ पर तो उलटी लटकी अवस्था में ही कई चमगादड़ों की मौत देखी गई, जिससे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है।
43 डिग्री तक पहुंचा तापमान
पाली क्षेत्र में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में रहने को मजबूर दिखे। नौतपा 25 मई से शुरू होने से पहले ही मई की तेज धूप और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।









