मानसिक रोगियों से लोगों को मुक्ति दिलाई विनीता ने
कोरबा, 16 मई। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा कोरबा द्वारा आयोजित निःशुल्क मानसिक रोग निवारण स्वास्थ्य शिविर में एम्स क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट श्रीमती विनीता खंडूरी ने अपनी विशेष सेवाएं प्रदान कर लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। दो दिवसीय इस विशेष शिविर में मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद, पारिवारिक समस्याओं एवं व्यक्तिगत परामर्श से जुड़ी परेशानियों को लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जहां उन्हें विशेषज्ञ परामर्श एवं मार्गदर्शन दिया गया।
यह विशेष स्वास्थ्य शिविर जैन भवन, पुराना बस स्टैंड कोरबा में आयोजित किया गया, जिसमें मुंबई के नायर हॉस्पिटल एवं प्रकृति साइकोलॉजिकल सेंटर से जुड़ी क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट श्रीमती विनीता खंडूरी ने मरीजों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
शिविर में पहुंचे लोगों को मानसिक तनाव, डिप्रेशन, पारिवारिक कलह, बच्चों के व्यवहार में बदलाव, युवाओं में बढ़ती चिंता, कार्यस्थल के दबाव और सामाजिक समस्याओं से जुड़ी परेशानियों पर विस्तार से परामर्श दिया गया।
आयोजन को सफल बनाने में चेयरमैन रामसिंह अग्रवाल, वाइस चेयरमैन राजेंद्र प्रसाद तिवारी, कोषाध्यक्ष राजेश बगड़िया एवं जिला प्रतिनिधि यश जैन सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा। साथ ही कार्यक्रम में पारस जैन एवं योगेश जैन की सक्रिय भूमिका भी सराहनीय रही।









