अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या, आरोपी पति खुद पहुंचा थाना
कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बरहामुड़ा पोटापानी में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। अवैध संबंध के शक में पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे थाना पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बरहामुड़ा पोटापानी निवासी रमाशंकर अपनी पत्नी पूर्णिमा यादव (30 वर्ष), दो पुत्रियों और एक पुत्र के साथ रहता था। वह मजदूरी का काम करता था, जबकि उसकी पत्नी घरों और दुकानों में झाड़ू-पोछा कर परिवार चलाने में सहयोग करती थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके कारण पूर्णिमा पिछले तीन महीने से अपने मायके ग्राम मुनगाडीह में रह रही थी।
गुरुवार को पूर्णिमा स्कूटी से अपने ससुराल बरहामुड़ा पहुंची थी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर रमाशंकर ने पहले एक बच्चे को साइकिल पंचर बनवाने के बहाने बाहर भेज दिया और दोनों अन्य बच्चों को खेलने के लिए घर से बाहर कर दिया। इसके बाद उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी के गले पर दो वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने घर में ताला लगाया और अपने बेटे को चाबी सौंपते हुए कहा कि वह जंगल जा रहा है। लेकिन वह सीधे पाली थाना पहुंच गया और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। आरोपी ने यह भी कहा कि जिस व्यक्ति पर उसे पत्नी के साथ अवैध संबंध का शक था, उसे मारने भी गया था, लेकिन वह नहीं मिला।
पहले पुलिस को आरोपी की बात मजाक लगी, लेकिन जब उसने पूरी घटना विस्तार से बताई तो पुलिस तत्काल उसे लेकर गांव पहुंची। गांव वालों को भी घटना की जानकारी नहीं थी। बाद में बच्चे को बुलाकर घर का ताला खुलवाया गया, जहां पूर्णिमा का खून से लथपथ शव पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।









