अफेयर के शक में युवक ने की आत्महत्या’ फांसी से पहले बनाया वीडियो, मोबाइल में मिली चैटिंग
कोरबा। जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत 15 ब्लॉक में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मनीष चंद्रा (27) के रूप में हुई है। घटना 13 मई की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, मनीष अपने कमरे में था और काफी देर तक दरवाजा नहीं खोल रहा था। इस पर उसके बड़े भाई को शक हुआ और उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर मनीष पंखे से फंदे पर लटका हुआ मिला। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मृतक के मोबाइल से कुछ अहम सुराग मिले हैं। बताया जा रहा है कि मनीष के मोबाइल में एक युवती से चैटिंग मिली है, जिससे अफेयर की बात सामने आ रही है। इसके अलावा, आत्महत्या से पहले युवक द्वारा एक वीडियो बनाए जाने की भी जानकारी सामने आई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं परिजन सदमे में हैं।









