कोरबा में हाथियों का आतंक, 48 हाथियों के दल ने किसानों की बाड़ी उजाड़ी
कोरबा। जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत जटगा रेंज में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मेड़उड़ पहाड़ क्षेत्र में 48 हाथियों का बड़ा दल डेरा डाले हुए है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार हाथियों के झुंड से अलग होकर कुछ हाथी लगातार ग्रामीण इलाकों की ओर पहुंच रहे हैं और किसानों की बाड़ी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बीती रात भी एक दर्जन से अधिक हाथी पहाड़ से नीचे उतरकर जटगा क्षेत्र में पहुंच गए और दो ग्रामीणों की बाड़ी उजाड़ दी।
हाथियों ने बाड़ी में लगी सब्जियों और अन्य फसलों को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। अचानक हाथियों के गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग पूरी रात दहशत में रहे और किसी तरह खुद को सुरक्षित रखा।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों द्वारा किए गए नुकसान का आंकलन शुरू किया। विभागीय अमला हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।









