मदर्स डे पर मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन, महिलाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
कोरबा। मदर्स डे के अवसर पर मीना जैन मेमोरियल हॉस्पिटल में रविवार को मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर सवेंदना ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।

कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में सेवा एवं मानवता का संदेश देखने को मिला। रक्तदान शिविर में महिलाओं की विशेष भागीदारी रही और उन्होंने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंदों के लिए रक्तदान किया। शिविर में उपस्थित लोगों को रक्तदान के महत्व एवं इसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डॉ. प्रिंस जैन की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। मदर्स डे पर आयोजित यह शिविर समाज में सेवा, संवेदना एवं मानवता का प्रेरणादायी संदेश देने वाला रहा।

आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक आयोजनों में सहयोग की अपील की।









