प्रेस क्लब कोरबा में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत से “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम सम्पन्न

कोरबा। प्रेस क्लब कोरबा द्वारा आयोजित “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम में शनिवार 09 मई 2026 को जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत शामिल हुए। तिलक भवन स्थित प्रेस क्लब में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के पत्रकारों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने विभिन्न जनहित विषयों पर चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने जिले के विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि कोरबा-उरगा फोरलेन सड़क परियोजना को शीघ्र गति देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए चार बायपास मार्ग तैयार किए जाएंगे, जिससे भारी वाहनों का ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सके।

उन्होंने कहा कि जिले में शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु 12वीं पास उन छात्राओं को विशेष स्कॉलरशिप प्रदान करने की योजना बनाई गई है, जो आगे की पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं। इसके अलावा जिले के प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना भी जल्द प्रारंभ की जाएगी, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधा और सुरक्षा मिल सके।

कलेक्टर ने जानकारी दी कि खरमोरा क्षेत्र के खसरा संबंधी रजिस्ट्री कार्य को अगले माह से पुनः प्रारंभ करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही बालको , एनटीपीसी एवं एसईसीएल के सहयोग से जिले में विभिन्न विकास एवं जनकल्याण योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम में पत्रकारों ने जिले की सड़क, यातायात, शिक्षा, स्वास्थ्य और शहरी सुविधाओं से जुड़े अनेक विषय उठाए, जिन पर कलेक्टर ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

About The Author