कोरबा में निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप, FIR दर्ज कराने आवेदन

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नगई बछेरा में निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं और शासकीय राशि के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। इस संबंध में पूर्व सरपंच प्रतिनिधि श्रीमती टिकेश्वरी बाई टेकाम एवं सचिव प्रतिनिधि श्री रविंद्र कुमार नेताम द्वारा थाना प्रभारी कटघोरा को लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।

आवेदन के अनुसार, ग्राम पंचायत नगई बछेरा में डीएमएफ मद से स्वीकृत कार्यों—अतिरिक्त भंडार कक्ष, 40 नग पक्का वर्ग मीटर वेड एवं 2 नग शौचालय निर्माण—के लिए कुल 16 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी। उक्त कार्य का ठेका श्री साईं बाबा फ्लाई ऐश ब्रिक्स इंडस्ट्रीज के संचालक दिनेश अग्रवाल को दिया गया था।

आरोप है कि ठेकेदार को कार्य पूर्ण करने हेतु लगभग 10.80 लाख रुपये एवं अतिरिक्त 1.15 लाख रुपये नगद भुगतान किया गया, कुल मिलाकर 11.95 लाख रुपये की राशि दी जा चुकी है। इसके बावजूद वर्ष 2022 से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है और ठेकेदार द्वारा कार्य पूरा नहीं किया गया।

आवेदकों ने यह भी बताया कि अधूरे निर्माण के कारण प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा बार-बार नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए बताया गया कि अतिरिक्त भंडार कक्ष का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया गया, जिससे दीवारों में दरारें आ गई हैं।

इस मामले में आवेदकों ने ठेकेदार के खिलाफ शासकीय राशि के दुरुपयोग एवं अनुबंध उल्लंघन के आरोप में एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक कोरबा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पोड़ी उपरोड़ा एवं जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा को भी प्रेषित की गई है।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और जिम्मेदारों पर कब तक शिकंजा कसता है।

About The Author