मानिकपुर फाटक पर दर्दनाक हादसा, बारूद भरे वाहन ने बाइक सवार को कुचला
कोरबा। मानिकपुर रेलवे फाटक पर शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां फाटक पार करने की हड़बड़ी में एक बारूद से भरे वाहन ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मौके पर ही बाइक सवार की मौत हो गई।
मृतक की पहचान 58 वर्षीय हनुमान प्रजापति, निवासी दादर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह नवरात्रि पूजा का प्रसाद लेकर सीतामढ़ी अपने भाई के घर जा रहा था। इसी दौरान मानिकपुर फाटक खुला देख वह पार करने पहुंचा, लेकिन अचानक फाटक बंद होने लगा।
इसी बीच पास से गुजर रहा बारूद से भरा वाहन भी फाटक पार करने की कोशिश में था और उसने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हनुमान प्रजापति फाटक के नीचे गड्ढे में गिर गए और वाहन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घायल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि वाहन में बड़ी मात्रा में बारूद लदा था, जो नागपुर से रायगढ़ जा रहा था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर वाहन को चालक के सुपुर्द कर दिया है।
फाटक पर बढ़ती घटनाएं, ओवरब्रिज की मांग तेज
शहर के सीएसईबी, टीपी नगर, शारदा विहार, सोनालिया और पवन टॉकीज फाटक पर अक्सर जाम और अफरा-तफरी की स्थिति बनती है। फाटक खुलते ही जल्दबाजी में पार करने की होड़ लग जाती है, जिससे इस तरह के हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।















