कोरबा में सनसनीखेज मामला’ नाबालिग ने दिया मृत नवजात को जन्म, पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल में खुला राज
कोरबा | 20 मार्च, 2026 छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के लेमरू थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक नाबालिग लड़की के गर्भवती होने और इलाज के दौरान मृत नवजात को जन्म देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
अस्पताल की जांच में हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की को अचानक तेज पेट दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जब प्रारंभिक जांच की, तो वे दंग रह गए—नाबालिग गर्भवती थी और प्रसव पीड़ा (Labour Pain) से गुजर रही थी।
-
इलाज और प्रसव: डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया, जिसके दौरान नाबालिग का प्रसव कराया गया। हालांकि, पीड़िता ने एक मृत नवजात को जन्म दिया।
-
परिजनों के उड़े होश: इस खुलासे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, क्योंकि मामला एक नाबालिग से जुड़ा था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: आरोपी गिरफ्तार
लेमरू पुलिस ने सूचना मिलते ही मामले को संज्ञान में लिया और पीड़िता का बयान दर्ज किया। नाबालिग के बयान के आधार पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक को चिन्हित किया, जो उसे डरा-धमका कर शारीरिक शोषण कर रहा था।








