• nagardarpannews

Korba Paddy Procurement: जिले के 68 केंद्रों में धान खरीदी शुरू, पहली किसान का माला पहनाकर हुआ स्वागत

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से हो गई है। जिले के सभी 68 धान उपार्जन केंद्रों में पूजा-अर्चना के साथ खरीदी का शुभारंभ किया गया। पहले ही दिन किसानों में धान बेचने को लेकर उत्साह देखने को मिला। हरदीबाजार उपार्जन केंद्र में पहली किसान के रूप में पहुंचीं ग्राम हरदीबाजार निवासी गीतांजलि डहरिया का माला पहनाकर स्वागत और सम्मान किया गया।

पहली किसान गीतांजलि डहरिया ने बेचा 12 क्विंटल 80 किलो धान

हरदीबाजार उपार्जन केंद्र में विधि-विधान से पूजा-पाठ के बाद धान खरीदी शुरू हुई। इस दौरान किसान गीतांजलि डहरिया, पति नंद कुमार डहरिया ने सबसे पहले अपना धान बेचा। उन्होंने केंद्र में 12 क्विंटल 80 किलो धान का विक्रय किया।

पहली किसान के रूप में उनका सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सरपंच लोकेश्वर कंवर, विधायक प्रतिनिधि नरेश टंडन, जनपद सदस्य प्रतिनिधि अनिल टंडन, नोडल अधिकारी मनमोहन पैकारा, प्रबंधक डाकेश्वर पांडे, फड़ प्रभारी पंचराम यादव, पुरुषोत्तम कैवर्त, अभिषेक तिवारी, कंप्यूटर ऑपरेटर सविता कंवर, अमर राठौर, विनोद उपाध्याय और जगभुवन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए : नरेश टंडन

विधायक प्रतिनिधि नरेश टंडन ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक किसान तक पहुंचना चाहिए। धान विक्रय के दौरान किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उपार्जन केंद्र में सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

धान खरीदी पर नजर रखने बनाया गया कमांड एंड कंट्रोल सेंटर

धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर 4 नवंबर को जिला और तहसील स्तर पर जांच समितियों के साथ उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है।

कमांड सेंटर का नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर कटघोरा ओंकार यादव को बनाया गया है। इसके अलावा सहायक प्रोग्रामर शिवानंद राठौर, प्राची चंद्रा और रेचल प्रधान सहित अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

शिकायत और सुझाव के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

प्रशासन द्वारा धान खरीदी की निगरानी से संबंधित रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी जाएगी। किसानों की शिकायतों और सुझावों के लिए हेल्पलाइन नंबर 9691901259 जारी किया गया है।

जिला प्रशासन का उद्देश्य धान खरीदी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखना, बिचौलियों और अनियमितताओं पर नियंत्रण करना तथा किसानों को उपार्जन केंद्रों में किसी तरह की परेशानी से बचाना है।

About The Author