• nagardarpannews

Korba News: कनबेरी के श्री अग्रसेन गौधाम में 17 नवंबर को गोपाष्टमी महोत्सव, 800 गौवंश की होगी पूजा; मंत्री-विधायक होंगे शामिल

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गोवंश संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से 17 नवंबर को ग्राम कनबेरी स्थित श्री अग्रसेन गौधाम में भव्य गोपाष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर गौधाम में संरक्षित करीब 800 गौवंश की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। साथ ही गौसेवा के संकल्प के साथ धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर गौधाम संचालन समिति ने रविवार को कोरबा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम और गौधाम की गतिविधियों की जानकारी दी।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गोपाष्टमी महोत्सव में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन और कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इस दौरान गौधाम के संचालन, विस्तार और गौवंश संरक्षण से जुड़ी समस्याओं को लेकर पांच प्रमुख मांगें भी जनप्रतिनिधियों के सामने रखी जाएंगी।

800 गौवंश का संरक्षण, सालाना खर्च करीब 70 लाख रुपए

समिति के मुताबिक, श्री अग्रसेन गौधाम का संचालन पिछले कई वर्षों से सर्वसमाज के सहयोग से किया जा रहा है। यहां दान में मिले, बेसहारा और दुर्घटनाओं में घायल गौवंश को आश्रय देकर उनकी देखभाल की जाती है।

गौधाम की शुरुआत सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार अग्रवाल द्वारा 4.50 एकड़ जमीन दान देने से हुई थी। इसके बाद दो एकड़ अतिरिक्त भूमि की व्यवस्था भी की गई। जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के सहयोग से गौधाम का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

225 गौवंश के लिए सरकारी अनुदान, देखभाल 800 की

समिति ने बताया कि सरकारी प्रावधान के अनुसार एक गौवंश के लिए प्रतिदिन 25 रुपए के हिसाब से अनुदान मिलता है। यह राशि चार किस्तों में सालाना करीब 25 लाख रुपए होती है। हालांकि, निर्धारित मापदंडों के तहत अधिकतम 225 गौवंश के लिए ही अनुदान की व्यवस्था है, जबकि गौधाम में करीब 800 गौवंश संरक्षित हैं।

गौधाम का सालाना खर्च लगभग 70 लाख रुपए है। ऐसे में सरकारी सहायता की तुलना में वास्तविक खर्च काफी अधिक है। इसके बावजूद समिति का कहना है कि बेसहारा और घायल गौवंश को यहां से वापस नहीं लौटाया जाता। सर्वसमाज के सहयोग से चारा, उपचार और देखभाल की व्यवस्था की जाती है।

दूसरी गौशाला की संबद्धता और विस्तार का प्रस्ताव लंबित

गौवंश की बढ़ती संख्या को देखते हुए समिति अतिरिक्त निर्माण और गौधाम के विस्तार की जरूरत महसूस कर रही है। पदाधिकारियों के मुताबिक, सरकारी नियमों के तहत एक ग्राम पंचायत क्षेत्र में एक ही गौशाला के संचालन की व्यवस्था होने के कारण विस्तार और अनुदान से संबंधित परेशानियां सामने आ रही हैं।

समिति चाहती है कि मौजूदा गौधाम से संबद्ध दूसरी गौशाला संचालित करने की अनुमति दी जाए, जिससे अधिक गौवंश को संरक्षण मिल सके और सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्राप्त हो सके। इस संबंध में मुख्यमंत्री, पशुपालन मंत्री और छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष को भी मांग से अवगत कराया गया है।

मंत्री लखन लाल देवांगन और विधायक प्रेमचंद पटेल के सामने रखेंगे पांच मांगें

17 नवंबर को आयोजित गोपाष्टमी महोत्सव में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन और क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल को आमंत्रित किया गया है। समिति उनके सामने गौधाम के सुचारु संचालन, आर्थिक सहयोग, गौवंश संरक्षण और विस्तार से जुड़ी पांच प्रमुख मांगें रखेगी।

समिति को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से गौसेवा के इस कार्य को और अधिक व्यवस्थित और व्यापक बनाया जा सकेगा।

गौ गोपाल मंदिर में दर्शन और भंडारे का आयोजन

ग्राम कनबेरी स्थित श्री अग्रसेन गौधाम परिसर में भव्य गौ गोपाल मंदिर भी बनाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है। सर्वमंगला मंदिर से करीब सात किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह गौधाम धार्मिक आस्था के साथ गौसेवा का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

समिति ने 17 नवंबर को गोपाष्टमी के अवसर पर आयोजित पूजा-अर्चना, दर्शन और भंडारे में सर्वसमाज के लोगों से शामिल होने की अपील की है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अग्रवाल सभा कोरबा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल, गौधाम अध्यक्ष जयंत अग्रवाल, सचिव राधेश्याम अग्रवाल (पिंटू), पूर्व अध्यक्ष सुनील जैन (टोनी), शंकर लाल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष देवाशीष केडिया, माता माधवी देवी गौशाला के उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल और गौधाम उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author