कोरबा में चलती बोलेरो नियो में लगी भीषण आग, कूदकर बचाई जान, शॉर्ट सर्किट की आशंका
कोरबा। कोरबा जिले में वाहन में आग लगने की एक और घटना सामने आई है। कोरबा-पश्चिम क्षेत्र के बांकीमोंगरा–सुतर्रा मुख्य मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चलती बोलेरो नियो में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते वाहन से धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं।
जानकारी के अनुसार उक्त वाहन एसईसीएल में लगा हुआ बताया जा रहा है। आग लगते ही गाड़ी में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
बताया जा रहा है कि आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और संबंधित विभाग को भी इसकी सूचना दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।








