15 फरवरी को सोनालिया पुल से निकलेगी भोले बाबा की भव्य बारात, महाशिवरात्रि पर कोरबा होगा शिवमय
कोरबा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इस वर्ष भी कोरबा शहर में आस्था, श्रद्धा और उत्साह के साथ भोले बाबा की भव्य बारात निकाली जाएगी।
आप सभी को बतलाते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है कि 15 फरवरी को यह दिव्य बारात सोनालिया पुल के पास स्थित शिव मंदिर से प्रारंभ होकर अग्रसेन भवन के समीप काली मंदिर, दूरपा रोड तक पहुंचेगी।
काली मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर शहर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
बारात में स्वयं भगवान शिव विशाल नंदी पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे। उनके साथ भूत-प्रेत, राक्षस गण और अघोरियों का झुंड पारंपरिक स्वरूप में शामिल होगा, जो शिव तांडव और भोलेनाथ की अलौकिक छवि को जीवंत करेगा।
इसके अलावा श्री राम दरबार, शनि देव, नरसिंह अवतार, बाहुबली हनुमान, भद्रकाली, महाकाली सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां सुसज्जित रथों पर प्रस्तुत की जाएंगी। ब्रह्मा, विष्णु और महेश की दिव्य झलक भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
धमाल बैंड, भजन-कीर्तन मंडलियां और अद्भुत आतिशबाजियों से पूरा वातावरण धर्ममय हो उठेगा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार महाशिवरात्रि भगवान शिव और माता पार्वती के पावन विवाह का प्रतीक है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बारात काली शिव मंदिर, दूरपा रोड पहुंचेगी, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शिव-पार्वती विवाह संपन्न कराया जाएगा।
यह आयोजन केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त करने का माध्यम भी है।
आयोजन समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सहभागी बनें, केवल दर्शक नहीं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के साथ निकलने वाली यह बारात पूरे शहर में श्रद्धा और भक्ति का संदेश देगी।
समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने का विशेष आग्रह किया है, ताकि यह आयोजन आदर्श और अनुकरणीय बन सके।
कार्यक्रम के दूसरे दिन 16 फरवरी को दोपहर 1 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। वहीं शाम 7 बजे से अद्भुत झांकियों की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी, जो धार्मिक और सांस्कृतिक सौंदर्य का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगी।
वर्षों बाद बना यह विशेष संयोग शहरवासियों के लिए एक सुनहरा अवसर है। आयोजन समिति ने बच्चों, युवाओं और आम जनमानस से आग्रह किया है कि वे इस दिव्य बारात में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करें और अपने जीवन को कृतार्थ बनाएं।
हर हर महादेव!









