कोरबा पुलिस का कड़ा संदेश: 102 लूट-डकैती आरोपी थानों में पेश, परेड और काउंसलिंग

कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने तड़के सुबह बड़ा और सख्त अभियान चलाया। लूट, डकैती एवं अन्य गंभीर अपराधों में पूर्व में जेल जा चुके आरोपियों पर नकेल कसते हुए पुलिस ने जिलेभर के थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान संचालित किया।

पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा श्री नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में तीनों अनुभागों के एसडीओपी तथा सभी थाना-चौकी प्रभारियों को अपराधियों के खिलाफ त्वरित, प्रभावी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

सुबह 4 बजे से शुरू हुआ विशेष अभियान

इसी क्रम में कोरबा पुलिस ने आज तड़के सुबह करीब 4 बजे जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत लूट एवं डकैती के मामलों में पूर्व में संलिप्त, सजा प्राप्त कर चुके तथा जेल से रिहा हुए आदतन अपराधियों को उनके निवास स्थानों से थाना तलब किया गया।

थाना परिसरों में इन अपराधियों की विधिवत परेड कराई गई। इस विशेष अभियान के अंतर्गत कुल 102 आरोपियों को थाना बुलाया गया, जो पूर्व में लूट एवं डकैती जैसे संगीन अपराधों में जेल जा चुके हैं।

रिकॉर्ड जांच, काउंसलिंग और सख्त चेतावनी

पुलिस द्वारा सभी आरोपियों का सत्यापन, आपराधिक रिकॉर्ड परीक्षण एवं काउंसलिंग की गई। साथ ही उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में शामिल न होने की कड़ी हिदायत दी गई।

About The Author