जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा बालिका दिवस पर बिटिया अनमोल कार्यक्रम का सफल आयोजन
राष्ट्रीय बालिका दिवस के पावन अवसर पर जेसीआई कोरबा सेंट्रल द्वारा 100 बेड अस्पताल में बिटिया अनमोल कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर अस्पताल में जन्मी नवजात बालिकाओं का सम्मान किया गया तथा उन्हें मच्छरदानी वितरित कर उनके स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिका के जन्म को उत्सव के रूप में मनाना, समाज में बेटी के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा बालिका सम्मान का सशक्त संदेश देना रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
जेसीआई कोरबा सेंट्रल के पदाधिकारियों ने कहा कि बिटिया अनमोल जैसे कार्यक्रम समाज में बेटियों के प्रति सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर की भावना को मजबूत करते हैं। जेसीआई कोरबा सेंट्रल के अध्यक्ष जेसी सीए त्रिलोकी नाथ बजाज ने कहा कि जनहित प्रेरणा एवं मानवता की सेवा के उद्देश्य से संस्था भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी और संवेदनशील सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। उपरोक्त जानकारी संस्था के सचिव जेसी निस्चल टमकोरिया के द्वारा दी गई।









