कोरबा में क्रिकेट इतिहास रचा गया: मीना जैन मेमोरियल फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ

कोरबा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए कोरबा में आज मीना जैन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट की भव्य और ऐतिहासिक शुरुआत हो गई। टूर्नामेंट का शुभारंभ महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत जी की गरिमामयी अध्यक्षता में किया गया। आधुनिक तकनीक, उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और रात्रिकालीन फ्लड लाइट मैचों के साथ यह आयोजन कोरबा के क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ रहा है।

यह कोरबा का पहला इंटर-स्कूल फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट है, जो 2 जनवरी से 5 जनवरी तक आयोजित होगा। इसके बाद 6 जनवरी से 10 जनवरी तक स्टेट लेवल ओपन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट खेला जाएगा। सभी मुकाबले घंटाघर ओपन थिएटर में प्रतिदिन शाम 6 बजे से फ्लड लाइट में आयोजित किए जा रहे हैं।

स्टेट लेवल टूर्नामेंट को आकर्षक बनाने के लिए प्रथम पुरस्कार ₹1,00,000 एवं द्वितीय पुरस्कार ₹50,000 निर्धारित किया गया है। आयोजन की विशेषता यह है कि सभी मैचों का लाइव प्रसारण ‘कोरबा लाइव’ के माध्यम से किया जा रहा है, साथ ही लाइव कमेंट्री, थर्ड अंपायर कॉल और रिव्यू सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। दर्शकों के लिए कैच पकड़ने पर आकर्षक इनाम की व्यवस्था की गई है।

आज उद्घाटन दिवस पर तीन मुकाबले खेले गए। उद्घाटन सद्भावना मैच नगर निगम इलेवन बनाम प्रेस क्लब इलेवन के बीच हुआ, जिसमें प्रेस क्लब विजयी रहा।
दूसरे मैच में गायत्री स्कूल ने जीत दर्ज की, जबकि तीसरे मुकाबले में एनसीडीसी स्कूल विजेता बना।

मीना जैन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट खिलाड़ियों को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच देने के साथ-साथ कोरबा को प्रदेश के क्रिकेट मानचित्र पर नई पहचान दिला रहा है।

About The Author