कोरबा सांसद ने अग्निकांड स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थागत कमियों की ओर किया इशारा
कोरबा। पावर हाउस रोड स्थित एसएस प्लाजा में लगी भीषण आग से शहर के व्यापारिक क्षेत्र में भारी तबाही मच गई। इस अग्निकांड में कई दुकानों को जलकर राख होने से व्यापारियों को करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन घटना के बाद से मौके पर लोगों का आना-जाना लगातार जारी है।
रविवार को कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने अग्निकांड स्थल का दौरा किया और प्रभावित दुकानदारों व परिवारों से मुलाकात कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान सांसद ज्योत्सना महंत ने आग लगने के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में सामने आई कमियों की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा कि समय पर पर्याप्त संसाधन और बेहतर फायर सेफ्टी व्यवस्था होती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। उन्होंने संबंधित विभागों को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता बताई।
सांसद ने सुझाव दिया कि बड़े व्यावसायिक परिसरों में फायर सेफ्टी मानकों की नियमित जांच, पर्याप्त अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और आपातकालीन व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से प्रभावित व्यापारियों के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की पहल करने की बात कही।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं व्यापारी वर्ग शासन-प्रशासन से राहत और पुनर्वास की उम्मीद लगाए बैठा है। प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच जारी है।









