कोरबा में कौशल्या महाकुंभ 2025 का भव्य शुभारंभ, शोभायात्रा में उमड़ा मातृशक्ति का जनसैलाब

कोरबा नगर में आयोजित कौशल्या महाकुंभ 2025 के अवसर पर आज भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धर्म और आस्था की अनुपम मिसाल प्रस्तुत की। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई दशहरा मैदान पहुँची, जहाँ पूरा वातावरण जय श्रीराम के उद्घोष और भक्तिमय संगीत से गूंज उठा।

शोभायात्रा में माता कौशल्या की दिव्य झांकी, भगवान श्रीराम के बाल स्वरूप की झलक, भगवा ध्वज, पुष्पवर्षा और भक्ति गीतों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। माताएं-बहनें, युवा वर्ग, बुजुर्ग और बच्चे—सभी ने इस महाकुंभ में सहभागी बनकर अपनी आस्था और संस्कारों का परिचय दिया।

इस अवसर पर राम नाम लेखन महायज्ञ का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर राम नाम की महिमा को जन-जन तक पहुंचाया। दोपहर दशहरा मैदान में आयोजित धर्मसभा में प्रख्यात हिंदू चिंतक श्रीमती माधवी लता (हैदराबाद) का कार्यक्रम होगा ।

कौशल्या महाकुंभ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना का विराट संगम बनकर उभरा। आयोजन में शामिल प्रत्येक व्यक्ति ने इसे जीवन का एक अविस्मरणीय और पुण्यदायी अनुभव बताया।

About The Author