राजनैतिक एवं धार्मिक रैलियों/रोड शो से आमजन परेशान, एडवोकेट धनेश कुमार सिंह ने प्रशासन को कराया अवगत
शहर में लगातार आयोजित हो रही राजनैतिक, धार्मिक एवं सामाजिक रैलियों, रोड शो एवं जुलूसों के कारण आम नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी विषय को लेकर एडवोकेट धनेश कुमार सिंह ने जिला प्रशासन के समक्ष अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है और आम जनता की समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया है।
एडवोकेट सिंह ने कहा कि इन आयोजनों के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर घंटों तक यातायात बाधित रहता है, जिससे स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं, कार्यालय कर्मचारी, बुजुर्ग नागरिक तथा मेडिकल इमरजेंसी से जूझ रहे मरीजों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार एम्बुलेंस तक जाम में फंस जाती है, जो अत्यंत दुखद और चिंताजनक है।
उन्होंने प्रशासन का ध्यान इस ओर भी आकर्षित कराया कि रैलियों एवं रोड शो में तेज आवाज वाले डीजे और लाउडस्पीकरों का अनियंत्रित उपयोग किया जा रहा है, जिससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है। यह माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं प्रदूषण नियंत्रण नियमों का खुला उल्लंघन है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव बच्चों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों एवं बीमार व्यक्तियों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
एडवोकेट धनेश कुमार सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि किसी भी धार्मिक, सामाजिक या राजनैतिक रैली की अनुमति देने से पूर्व ट्रैफिक व्यवस्था, मार्ग निर्धारण, समय-सीमा एवं वैकल्पिक मार्गों की योजना अनिवार्य रूप से पहले से तय की जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले आयोजकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी अव्यवस्था पर रोक लग सके। प्रशासन की यह जिम्मेदारी है कि वह कानून-व्यवस्था के साथ-साथ जनसुविधा और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करे।









