कोरबा में सपना चौधरी के कार्यक्रम में हंगामा, पुलिस सुरक्षा में बचाई जान

कोरबा। मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी का पहली बार कोरबा में कार्यक्रम हुआ, लेकिन यह अनुभव उनके लिए बेहद कड़वा और तनावपूर्ण साबित हुआ। कार्यक्रम के दौरान और बाद में हुई घटनाओं के कारण सपना चौधरी और उनकी टीम को पुलिस सुरक्षा के साए में ही सुरक्षित निकलना पड़ा।

सपना चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम के बाद रात में उनके कमरे में चार लोगों ने दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया और गाली-गलौज के साथ गोली मारने की धमकी दी। उनकी टीम के साथ झगड़ा और मारपीट भी की गई, और लोगों को उकसाकर भीड़ इकट्ठी की गई। यदि समय पर जश्न रिसोर्ट के मालिक करणदीप और पुलिस नहीं पहुंचते, तो उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था।

मारपीट और लूटपाट की रिपोर्ट
इस मामले में जश्न रिसोर्ट के मालिक करणदीप ने चारों लोगों के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप है कि चारों ने सपना चौधरी और उनकी टीम से अधिक पैसा मांगने के आरोप लगाए, गाली-गलौज और मारपीट की। जब विरोध किया गया, तो रिसोर्ट में तोड़फोड़, सीसीटीवी का DVR चोरी, और ₹10,000 नगद भी लूट लिए। इसके साथ ही 7 लाख रुपए के नुकसान का भी आरोप लगाया गया।

कार्यक्रम सिर्फ एक घंटे चला
सपना चौधरी का कार्यक्रम लगभग ढाई घंटे का होने वाला था, लेकिन अव्यवस्था और हुल्लड़बाजी के कारण यह केवल एक घंटे तक ही चल सका। स्टेज पर पैसे फेंकने को लेकर भी विवाद हुआ और दर्शकों को व्यवस्थित बैठने की अपील करते हुए सपना चौधरी को नाराज होना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने तीन-चार गानों पर अपने परफॉर्मेंस दिए।

थाना में रिपोर्ट दर्ज
हंगामे के बाद दोनों पक्ष थाना पहुंचे और अपनी-अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई। सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि जश्न रिसोर्ट में हुए घटनाक्रम को लेकर काउंटर केस दर्ज किया गया है।

ऊर्जावान कार्यक्रम पर प्रश्नचिह्न
ऊर्जावान लोगों की नगरी कोरबा में हुए इस पहले इवेंट में लोग कोरबा के अलावा बिलासपुर और जांजगीर-चांपा से भी पहुंचे थे। कार्यक्रम VIP था, लेकिन अव्यवस्था और बदतमीजी के कारण न सिर्फ सपना चौधरी का अनुभव खराब हुआ, बल्कि राज्य की लोक कला और संस्कृति की छवि भी प्रभावित हुई।

About The Author