बीमा प्रीमियम पर शून्य GST: सस्ता कवर, पर कंपनियों पर लागत का दबाव: प्रीति अग्रवाल
कोरबा, 18 सितंबर 2025 22 सितंबर से हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसीधारकों के लिए बड़ी राहत आने वाली है—अब प्रीमियम पर कोई जीएसटी नहीं लगेगा। पहले इन पॉलिसियों पर 18% तक GST देना पड़ता था, लेकिन अब इसका बोझ पूरी तरह समाप्त हो रहा है। इस निर्णय से नई बीमा पॉलिसी या रिन्यूअल लेना सस्ता हो जाएगा और परिवार सीधे-सीधे हर साल प्रीमियम में बचत कर पाएंगे.
हालांकि, यह राहत कुछ नई चुनौतियाँ भी लाएगी। बीमा कंपनियां अब कमीशन, किराया, साफ्टवेयर, रीइंश्योरेंस, ब्रोकरेज जैसे अपने खर्चों पर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) क्लेम नहीं कर पाएंगी। यानी उनके खुद के ऑपरेशन की लागत बढ़ जाएगी, क्योंकि उन्हें सर्विस खर्चों पर जीएसटी तो देना पड़ेगा, मगर उसका टैक्स फायदा नहीं मिलेगा.
The Finocrats का मानना है कि भविष्य में बीमा कंपनियां अपने बेस प्रीमियम में मामूली बढ़ोतरी कर सकती हैं ताकि बढ़ी हुई लागत की भरपाई हो सके। ऐसे में उपभोक्ताओं को जीएसटी छूट का पूरा लाभ लंबे समय में उतना नहीं मिल सकता जितना सरकार का उद्देश्य था। साथ ही, नो-क्लेम बोनस, रिन्युअल डिस्काउंट, क्लेम कंटिन्यूटी जैसे फायदे सिर्फ समय पर प्रीमियम भुगतान करने पर ही मिलेंगे—केवल जीएसटी बचाने के लिए रिन्युअल में देरी करना नुकसानदायक साबित हो सकता है.
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह छूट सिर्फ व्यक्तिगत हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसियों पर लागू होगी। ग्रुप इंश्योरेंस में पहले जैसी टैक्स व्यवस्था ही चलेगी। पॉलिसीधारकों को कंपनी से पूछकर, इनवॉइस की तारीख के अनुसार समय पर प्रीमियम भरना चाहिए ताकि नए नियमों का अधिकतम फायदा मिल सके.
सारांश में—22 सितंबर से बीमा लेना सस्ता होगा, ग्राहक सीधे-सीधे सालाना प्रीमियम पर बचत पाएंगे। लेकिन कंपनियों पर ऑपरेशनल लागत का दबाव बढ़ सकता है, जिससे किसी-किसी केस में बेस प्रीमियम की राशि प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हो सकती है। समय पर रिन्युअल व प्रीमियम भुगतान ही सबसे सुरक्षित तरीका है









