अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद का 61वां स्थापना दिवस: मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव “रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0” का आयोजन

कोरबा। मानव सेवा को सर्वोपरि मानने वाली अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) अपने 61वें स्थापना दिवस के अवसर पर इतिहास रचने जा रही है। 17 सितंबर 2025 को परिषद “रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0” के तहत मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव (MBDD) का आयोजन कर रही है। इस दिन भारत सहित 75 देशों में 7500 से अधिक शिविर लगाए जाएंगे और 3 लाख यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस महाअभियान का वर्चुअल उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। आयोजन में 4000 रक्त बैंक, 5000 डॉक्टर, 25,000 तकनीशियन और 1 लाख स्वयंसेवक सक्रिय रहेंगे।

कोरबा प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में तेरापंथ युवक परिषद और सकल जैन समाज के सदस्यों ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की। परिषद के गौरव जैन ने बताया कि कोरबा शहर में पांच जगह रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे – जैन भवन पुराना बस स्टैंड, एमजेएम हॉस्पिटल नया बस स्टैंड, जैन मंदिर बुधवारी, Nkh हॉस्पिटल कोरबा और जमनीपाली। कोरबा से 1000 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है।

इस अभियान की विशेषता यह है कि नेपाल, श्रीलंका, दुबई, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन सहित 75 देशों में भी भारतीय समुदाय के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। दिल्ली स्थित कंट्रोल रूम से सभी शिविरों की निगरानी की जा रही है। कॉलेज और विश्वविद्यालयों में युवाओं को जागरूक करने हेतु व्याख्यान, सोशल मीडिया कैंपेन और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जा रहा है।

धर्मगुरुओं ने रक्तदान को पुण्य कार्य बताया है। इस मौके पर श्वेतांबर जैन समाज के अध्यक्ष मूलचंद जैन, पारस जैन, अणुव्रत जैन और प्रतीक जैन ने भी उपस्थित होकर लोगों से इस सेवा में भाग लेने का आह्वान किया। खेल जगत, साहित्यकार और कलाकार वीडियो संदेशों के माध्यम से लोगों को जोड़ रहे हैं।

About The Author