कोरबा : पशुपालन विभाग में अरबों के घोटाले की शिकायत, ननकीराम कंवर ने उठाई जांच की मांग

कोरबा , 28 अगस्त। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने पशुपालन विभाग में दवाओं की खरीदी में बड़े घोटाले का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद विभाग हरकत में आया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। विभागीय सचिव ने छह सदस्यीय जांच टीम गठित कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।

ननकीराम कंवर ने आरोप लगाया कि पशुपालन विभाग में बीते कई वर्षों से अरबों रुपये का घोटाला हो रहा है। उनके अनुसार विभाग केवल 10 प्रतिशत खरीदी करता है, जबकि भुगतान पूरे 100 प्रतिशत का किया जाता है। इस दौरान नियमों को ताक पर रखकर वैक्सीन, औषधि और सप्लीमेंट की खरीदी की जाती रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल से लेकर अब तक विभाग में भ्रष्टाचार जारी है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि डीलरों और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी बिलों के जरिए करोड़ों रुपये की रकम हड़पी जा रही है।

ननकीराम कंवर ने मांग की है कि दवाओं की खरीदी सीधे निर्माता कंपनियों से निविदा प्रक्रिया के माध्यम से की जाए, ताकि गुणवत्तापूर्ण औषधि उपलब्ध हो सके और भ्रष्टाचार पर रोक लगे।

विभागीय सचिव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम को सात दिनों के भीतर तथ्यात्मक जांच प्रतिवेदन सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच में इस कथित अरबों के घोटाले का कितना सच सामने आता है।

About The Author