जेलर पर हुआ जानलेवा हमला, जिला जेल में हुए भ्रष्टाचार के मुख्य गवाह है विजयानंद

जशपुरनगर . जशपुर जिला जेल में हुए भ्रष्टाचार के मामले में मुख्य गवाह बने जशपुर जेलर के उपर अज्ञात आरोपी के द्वारा हमला करने का प्रयास किया गया, इस हादसे में जेलर के बेटे को चोट आई है। घटना के बाद जेलर ने इसकी लिखित शिकायत सिटी कोतवाली में दी है। इस संबंध में जशपुर सिटी कोतवाली पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जशपुर के जिला जेल में पदस्थ जेलर विजयानंद सिंह दशहरा के दिन अपने पूरे परिवार के साथ रावण दहन देखने के लिए रणजीता स्टेडियम गए हुए थे। रावण दहन के दौरान वे अपने परिवार के साथ बालक हाईस्कूल के पास खड़े होकर देख रहे थे। उसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके उपर किसी चीज से हमला कर दिया, लेकिन उन्हें चोट ना लगते हुए उनके साथ खड़े उनके बेटे के सर में लगी।

बेटे के सर में चोट लगने के कारण खून बहने लगा, जिसके बाद वे अपने बेटे को लेकर सीधे जिला अस्पताल पहुंचे और बच्चे का उपचार करवाए। बेटा का उपचार करवाने के बाद घटना की लिखित शिकायत उनके द्वारा सिटी कोतवाली में दी गई है। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जेल में हुए भ्रष्टाचार को कर चुके हैं उजागर
कुछ समय पूर्व जशपुर जिला जेल में पीड़िता पक्ष की राशि का गबन करने का मामला सामने आया है। इस मामले में जांच होने के बाद इसके सारे दस्तावेजों को उनके द्वारा सिटी कोतवाली और कलेक्टर को आगे की कार्रवाई करने के लिए सौप दिया है। वहीं इस मामले में विभाग की ओर से उन्हें मुख्य गवाह भी बनाया गया है। वहीं जेलर विजयानंद सिंह को इस संबंध में 12 एवं 15 अक्टूबर को गवाही भी देनी है। घटना के बाद जेलर विजयानंद सिंह का कहना है कि उनके द्वारा कलेक्टर और सिटी कोतवाली को जेल घोटाले से संबंधित जरूरी दस्तावेज दिए जाने के बाद से उसे परेशान किया जा रहा है।

About The Author