कोरबा: गहनिया, फुटामुडा और खेतार गांव में बिजली विभाग का छह साल बाद भेजा गया भारी भरकम बिल, ग्रामीण परेशान

कोरबा, 29 जुलाई। कोरबा जिले के अंतर्गत आने वाले गहनिया, फुटामुडा और खेतार गांव के सैकड़ों ग्रामीण इन दिनों बिजली विभाग द्वारा भेजे गए भारी भरकम बिजली बिल से बेहद परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें वर्ष 2018 के बाद सीधे 2025 में बिल भेजा गया है, जिसमें एकमुश्त हजारों रुपये की मांग की जा रही है।

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

ग्रामीणों ने बताया कि इतने सालों तक उन्हें किसी प्रकार का बिजली बिल नहीं मिला। अब अचानक विभाग द्वारा वर्ष 2018 से लेकर अब तक का बिल जोड़कर एक ही बार में भेज दिया गया है। किसी को 25 हजार, तो किसी को 30 हजार रुपए तक का बिल थमा दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि वे ग़रीब किसान और मजदूर हैं, और इतनी बड़ी राशि एक साथ चुकाना उनके लिए नामुमकिन है।

बिल की अदायगी कैसे करें – ग्रामीण

गांव के लोगों ने सामूहिक रूप से अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी तक नहीं दी गई कि बिल बकाया चल रहा है। अचानक इस तरह का बकाया थोप देना सरासर अन्याय है। उनका सवाल है कि –
“जब छह साल तक बिजली विभाग सोया रहा, तो अब हमें इसकी सज़ा क्यों दी जा रही है?”

बिजली अधिकारी ने दिया आश्वासन

मामले की जानकारी मिलने पर बिजली विभाग के एस.ई. श्री पी.एल. सिदार ने बयान जारी कर कहा कि,

“प्रकरण संज्ञान में आया है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों को जल्द राहत देने की दिशा में प्रयास जारी हैं।”

About The Author