फ्लाइट में बम से उड़ाने की धमकी, 35 हजार फीट पर मचा हड़कंप

लंदन। लंदन के ल्यूटन एयरपोर्ट से स्कॉटलैंड के ग्लासगो जा रही ईज़ीजेट एयरलाइन की फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने हवा में 35 हजार फीट की ऊंचाई पर बम से विमान उड़ाने की धमकी दी। इस दौरान वह जोर-जोर से ‘अल्लाह हू अकबर’ के नारे लगाने लगा और ‘अमेरिका मुर्दाबाद’ तथा ‘ट्रंप मुर्दाबाद’ चिल्लाता रहा। पूरे विमान में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए फ्लाइट को तत्काल इमरजेंसी लैंडिंग के लिए डायवर्ट किया गया।

यह घटना रविवार, 27 जुलाई 2025 को हुई। यात्री की हरकतों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह व्यक्ति नारे लगाता और बम धमाके की धमकी देता नजर आ रहा है।

पायलट ने दिखाई सतर्कता, बदली फ्लाइट की दिशा
बम की धमकी के बाद पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए फ्लाइट को स्कॉटलैंड की जगह दूसरी दिशा में मोड़ दिया और सुरक्षित लैंडिंग कराई। फ्लाइट में मौजूद अन्य यात्रियों ने उस शख्स को काबू में करने की कोशिश की और जमीन पर पहुंचते ही स्थानीय पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

वीडियो में दिखी पूरी घटना
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी जोर-जोर से ‘अल्लाह हू अकबर’, ‘डेथ टू अमेरिका’ और ‘डेथ टू ट्रंप’ जैसे नारे लगा रहा है। यात्रियों के डर और अफरातफरी के बीच कुछ यात्री उसे काबू में लाने की कोशिश करते हैं। आखिरकार फ्लाइट की लैंडिंग के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस कर रही है पूछताछ
स्कॉटलैंड पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उसके पास वाकई कोई विस्फोटक था या यह सिर्फ अफवाह फैलाकर आतंक का माहौल बनाने की कोशिश थी।

About The Author