CG NEWS : कबरा हाथी के डर से गांवों में दहशत, 14 स्कूलों में पढ़ाई बंद, रेस्क्यू ऑपरेशन तेज
CG NEWS : अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में कबरा हाथी की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। जंगल से निकलकर आबादी वाले इलाकों में पहुंच रहे इस हाथी ने ग्रामीणों के साथ-साथ प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है। हाथी की आक्रामक गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर सरगुजा जिले के सायर, कुदर बसवार सहित आसपास के करीब 14 स्कूलों में शुक्रवार, 13 नवंबर को अवकाश घोषित करना पड़ा। वहीं, उदयपुर क्षेत्र में हाथी के हमले में एक महिला की मौत और दूसरी महिला के गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाके में भय का माहौल है।
हाथी के हमले में महिला की मौत, दूसरी गंभीर
जानकारी के अनुसार, कबरा हाथी ने उदयपुर क्षेत्र में हमला कर दिया, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों को डर है कि हाथी कभी भी आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है।
CG NEWS : 18 नवंबर को साय कैबिनेट की अहम बैठक, अनुपूरक बजट समेत कई बड़े प्रस्तावों पर होगी चर्चा
14 स्कूलों में घोषित किया गया अवकाश
दिवाली की छुट्टियों के बाद स्कूलों में पढ़ाई दोबारा शुरू हुई थी, लेकिन हाथी की मौजूदगी और संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन को एहतियाती कदम उठाने पड़े। सायर, कुदर बसवार समेत आसपास के लगभग 14 विद्यालयों में शुक्रवार को छुट्टी घोषित कर दी गई। इसका उद्देश्य बच्चों को हाथी के संभावित हमले से सुरक्षित रखना है।
छह महीने से वन विभाग के लिए चुनौती बना कबरा
कबरा हाथी पिछले करीब छह महीनों से सूरजपुर और बलरामपुर जिले में वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। झुंड से अलग होकर विचरण कर रहा यह हाथी अब सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में पहुंच गया है। लगातार स्थान बदलने और आबादी के नजदीक पहुंचने के कारण वन विभाग की निगरानी और उसे नियंत्रित करने की कोशिशें मुश्किल हो रही हैं।
वन विभाग ने तैयार किया बड़ा रेस्क्यू प्लान
हाथी की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने उसकी लोकेशन पर नजर रखने और ग्रामीणों को सुरक्षित रखने की रणनीति बनाई है। विभाग की टीम प्रभावित गांवों में निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को हाथी के नजदीक नहीं जाने, जंगल की ओर अकेले नहीं निकलने और हाथी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी जा रही है।










