कोरबा में चाकू से जानलेवा हमला, दो युवकों को किया घायल; आरोपी गिरफ्तार
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुरानी रंजिश को लेकर चाकूबाजी का मामला सामने आया है। शराब के नशे में एक युवक ने घर के पास पहुंचकर दूसरे युवक के पेट पर सब्जी काटने वाले चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए एक अन्य युवक को भी आरोपी ने चाकू मार दिया, जिससे उसकी हाथ की उंगली में चोट आई। मामले में सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 9 नवंबर 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे ग्राम आछीमार की है। प्रार्थी कुंदन भट्ट (35) ने थाना सिविल लाइन रामपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घर के पास पहुंचकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुंदन भट्ट को गांव के ही जोगी राम मिरी ने फोन कर अपने घर बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी शराब के नशे में उसके घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इस दौरान उसने कुंदन को जान से मारने की धमकी भी दी।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने साथ लाए सब्जी काटने वाले चाकू से कुंदन भट्ट के पेट पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बीच-बचाव करने आए युवक पर भी चाकू से हमला
घटना के दौरान आशिष भट्ट ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया, जिससे उसके हाथ की उंगली में चोट आई। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
पुलिस ने घर से पकड़ा आरोपी, चाकू भी जब्त
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जोगी राम मिरी को उसके निवास स्थान से हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में चाकू से हमला करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में हल्के गुलाबी रंग का सब्जी काटने वाला चाकू जब्त किया।
न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजा गया आरोपी
पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपी की संलिप्तता के आधार पर 12 नवंबर 2026 को जोगी राम मिरी (29), पिता फोटुलाल, निवासी ग्राम आछीमार को विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।










