राष्ट्र सेविका समिति जिला कोरबा द्वारा विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन का आयोजन आज 25 अक्टूबर को
*कोरबा।* राष्ट्र सेविका समिति, जिला कोरबा द्वारा विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन का आयोजन 25 अक्टूबर को किया जा रहा है। समिति की 90 वर्षों की निरंतर साधना एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समर्पित इस आयोजन में भारतीय संस्कृति, परंपरा, धर्म और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जाएगा।
समिति द्वारा जारी आमंत्रण के अनुसार, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोवैज्ञानिक नूतन विश्वकर्मा उपस्थित रहेंगी, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत सह तरुणी प्रमुख मनीषा दहिहेले संबोधित करेंगी।
*दो स्थानों पर होंगे कार्यक्रम*
कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह 8:59 बजे विजयादशमी उत्सव एवं एकत्रीकरण का आयोजन गायत्री शिशु मंदिर स्कूल, इतवारी बाजार में होगा। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे मुख्य एकत्रीकरण एवं पथ संचलन का आयोजन चित्रा टॉकीज में निर्धारित किया गया है।
समिति ने अपने आमंत्रण में कहा है कि विजयादशमी धर्म, शौर्य और नव निर्माण का प्रतीक है। शस्त्र पूजन के माध्यम से अपने कर्तव्य, साहस और राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने का संदेश दिया जाएगा।
राष्ट्र सेविका समिति ने सभी बहनों एवं बंधुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।










