• nagardarpannews

Korba News: कोरबा में AC आउटडोर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान खरीदने वाले 2 खरीदार भी पकड़े गए

Korba News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एसी का आउटडोर चोरी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपी के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी का एसी आउटडोर, नगद रकम और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

हुंडई शोरूम के सामने से चोरी हुआ था एसी का आउटडोर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी प्रमोद कुमार यादव निवासी भदरापारा, बाल्को नगर, कोरबा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 अक्टूबर 2026 को हुंडई शोरूम पहुंचने पर सामने लगा एसी का आउटडोर गायब मिला। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 877/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

पूछताछ में खुला चोरी के सामान की खरीदी-बिक्री का मामला

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही गुड्डू बरेठ से पूछताछ की। पूछताछ में उसने एसी का आउटडोर चोरी कर कृष्णा बसोड़ को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद कृष्णा बसोड़ ने चोरी का सामान सैफ खान उर्फ सोनू खान को बेचना बताया।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चोरी का एसी आउटडोर, नगद रकम और एक मोबाइल फोन जब्त किया। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

कोतवाली पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

  1. गुड्डू बरेठ (23 वर्ष), पिता स्व. फिरतु बरेठ, निवासी शीतला मंदिर के पास, मोतीसागरपारा, थाना कोतवाली, कोरबा।
  2. कृष्णा बसोड़ (22 वर्ष), पिता नारायण बसोड़, निवासी बसोड़ मोहल्ला, इमलीडुग्गू, थाना कोतवाली, कोरबा।
  3. सैफ खान उर्फ सोनू खान (22 वर्ष), पिता इफ्तिखार आलम, निवासी इमलीडुग्गू गौमाता चौक, थाना कोतवाली, कोरबा।

BNS की धाराओं के तहत कार्रवाई

कोरबा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 877/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) में कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, जिले में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

कोरबा पुलिस ने लोगों से की अपील

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

About The Author