Korba News: भिलाईबाजार में अचानक धू-धूकर जली इलेक्ट्रिक स्कूटी, बाल-बाल बचे भाई-बहन
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के भिलाईबाजार क्षेत्र में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी से पहले धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की लपटों से घिर गया। स्कूटी पर सवार भाई-बहन ने समय रहते नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भिलाईबाजार तालाब के पास चलती स्कूटी में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, कटकीडबरी निवासी पीयूष कंवर अपनी बहन के साथ कुसमुंडा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भिलाईबाजार तालाब के पास पहुंचते ही उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुआं बढ़ गया और स्कूटी में आग भड़क उठी।
देखते ही देखते जलकर खाक हुई इलेक्ट्रिक स्कूटी
स्कूटी में आग लगते ही भाई-बहन घबरा गए। दोनों ने किसी तरह वाहन से नीचे उतरकर खुद को सुरक्षित किया। उनके स्कूटी से हटते ही आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन स्कूटी को बचाया नहीं जा सका और वह जलकर खाक हो गई। घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहत की बात रही कि दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। समय रहते स्कूटी से उतर जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
कटघोरा में भी इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी थी आग
कोरबा जिले में इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले कटघोरा कॉलेज के पास भी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटना सामने आई थी। उस दौरान भी स्कूटी पर सवार परिवार बाल-बाल बचा था।
लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने से इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। हालांकि, भिलाईबाजार में स्कूटी में आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।










