• nagardarpannews

कोरबा में नाबालिग से दुष्कर्म और अवैध शराब मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

कोरबा। महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कोरबा पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना उरगा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

उरगा थाना पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के 19 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकलने के बाद स्कूल नहीं पहुंचने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर उसे ले जाने की आशंका जताई थी। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 520/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद बाल कल्याण समिति (CWC) और न्यायालय के समक्ष दर्ज कराए गए उसके कथनों के आधार पर आरोपी द्वारा उसे बहला-फुसलाकर ले जाने, छेड़छाड़ करने और पूर्व में दुष्कर्म किए जाने की जानकारी सामने आई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण में धारा 65(1), 74 बीएनएस तथा धारा 4 और 8 पॉक्सो एक्ट जोड़ी। पुलिस ने आरोपी मुकेश यादव पिता भारत यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी धंवईपुर, थाना कटघोरा, जिला कोरबा को 6 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी को विशेष न्यायालय (एफटीएससी) कोरबा में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

8 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

दूसरे मामले में थाना उरगा की पेट्रोलिंग टीम को 5 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि दर्राभाठा पानी टंकी के पास एक व्यक्ति आम जगह पर कच्ची महुआ शराब रखकर बेच रहा है।

सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अजीत खुटे पिता बुलटुराम खुटे, उम्र 43 वर्ष, निवासी खोडडल, थाना उरगा बताया।

तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद बाजारू थैले से पारदर्शी पन्नी में भरी करीब 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। शराब रखने और बेचने के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 551/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में कार्रवाई की।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

महिला-बाल अपराध और अवैध नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी

कोरबा पुलिस का कहना है कि महिला एवं बच्चों से जुड़े गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के साथ-साथ अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author