तालाब से लौटते समय बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने के कुछ घंटे बाद 60 वर्षीय महिला की मौत
कोरबा। जिले के हरदीबाजार स्थित अस्थाई शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान 60 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान ग्राम पंचायत रेकी निवासी भगा बाई पति गौठिया पटेल के रूप में हुई है। महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य केंद्र में हंगामे की स्थिति बन गई और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।
तालाब से लौटते समय अचानक बिगड़ी तबीयत
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे भगा बाई गांव के ही तालाब में स्नान करने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान उनके शरीर में अचानक तेज दर्द और पीड़ा होने लगी। इसके बाद उनके पोते और परिजन उन्हें तत्काल हरदीबाजार स्थित अस्थाई शासकीय स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
परिजनों के मुताबिक, स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने महिला के ब्लड प्रेशर और अन्य जरूरी जांच कराने की सलाह दी। इसके बाद परिजनों ने बाहर से जांच कराई। उनका दावा है कि जांच रिपोर्ट सामान्य आई थी। जांच के बाद महिला खुद पैदल चलकर स्वास्थ्य केंद्र के अंदर पहुंची थीं।
इसके बाद प्रभारी डॉक्टर ने महिला का उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ घंटे बाद ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
महिला की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पहुंच गए। ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।
ग्रामीणों का कहना है कि हरदीबाजार के पुराने अस्पताल भवन के ध्वस्तीकरण के बाद पुराने तहसील भवन में अस्थाई अस्पताल शुरू किया गया था। उस समय मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त उपचार सुविधाएं और जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं हैं। मामूली जांच के लिए भी मरीजों को बाहर जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मुआवजे की मांग, पोस्टमार्टम को लेकर गतिरोध
घटना के बाद मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की और शव का पोस्टमार्टम कराने का सुझाव दिया। हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
ग्रामीण उचित मुआवजे और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। महिला के शव को पाली ब्लॉक स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के फ्रीजर में रखा गया। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दीपका, कुसमुंडा और हरदीबाजार पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
विधायक और जनप्रतिनिधि भी पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलने के बाद कटघोरा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रेंकी सरपंच तीज राम, उपसरपंच शिव नारायण यादव, नरेश टंडन, पूर्व जनपद सदस्य अनिल टंडन, हरदीबाजार सरपंच लोकेश्वर कंवर सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और मामले में उचित कार्रवाई की मांग का समर्थन किया।
आज तहसील कार्यालय में होगी बैठक
मामले को लेकर आज तहसील कार्यालय परिसर में वार्ता प्रस्तावित है। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ SECL के अधिकारी, SDM और तहसीलदार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में महिला की मौत और अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की बात कही गई है।
अब इस मामले में प्रशासनिक जांच और आगामी बैठक में होने वाली चर्चा के बाद ही मौत के कारणों और लगाए गए आरोपों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










