GST विभाग की बड़ी जांच: मुंगेली के होटल-ढाबों से लेकर बिलासपुर के व्यापार विहार तक कार्रवाई

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में टैक्स चोरी, बोगस बिलिंग और ई-वे बिल में गड़बड़ी के खिलाफ स्टेट GST विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में स्टेट जीएसटी की टीम ने बिलासपुर और मुंगेली के 6 व्यापारियों के ठिकानों पर जांच कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान मुंगेली के होटल-रेस्टोरेंट और बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित अलग-अलग कारोबारियों के प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

विभागीय कार्रवाई में बिलासपुर के व्यापार विहार के तीन व्यापारी शामिल हैं, जिनका कारोबार गुटखा, ड्राई फ्रूट्स और तेल से संबंधित बताया गया है। वहीं मुंगेली में भी कई प्रतिष्ठानों पर जांच की गई। इनमें बावा होटल (वैष्णव मिष्ठान भंडार) पर विभाग ने करीब 60 लाख रुपये की पेनाल्टी और टैक्स संबंधी कार्रवाई की है।

CG NEWS : ‘नो फ्लैक्स जोन’ बना मजाक’ रायपुर की सड़कों पर बैनर-पोस्टरों का कब्जा, नियमों की उड़ रही धज्जियां

टैक्स चोरी और कच्चे बिल की शिकायतों पर जांच

अधिकारियों के अनुसार, राज्य में स्टेट जीएसटी और सेंट्रल जीएसटी विभाग द्वारा टैक्स चोरी, बोगस बिलिंग और ई-वे बिल में अनियमितताओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मुंगेली के कुछ होटल और रेस्टोरेंट में कथित तौर पर टैक्स बचाने के लिए कच्चे बिल काटे जाने की शिकायतें सामने आई थीं।

इन शिकायतों के आधार पर विभागीय टीम ने संबंधित प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। कार्रवाई के दौरान कुछ मामलों में अनियमितता सामने आने की बात कही जा रही है।

मुंगेली में कई प्रतिष्ठानों की जांच

जीएसटी विभाग की टीम ने मुंगेली में बलानी चौक स्थित मोनिका ज्वेलर्स, पड़ाव चौक स्थित दिनेश ज्वेलर्स और धरमपुरा मेन रोड स्थित नुक्कड़ ढाबे में भी जांच की।

जांच के दौरान कारोबार से संबंधित दस्तावेज, बिल और टैक्स से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले गए। विभाग की कार्रवाई के बाद संबंधित व्यापारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी रही।

नुक्कड़ ढाबे पर 20 हजार रुपये का जुर्माना

धरमपुरा मेन रोड स्थित नुक्कड़ ढाबे पर विभाग ने 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। बताया जा रहा है कि शिकायत के आधार पर हुई जांच में कच्चे बिल से जुड़े मामले सामने आए थे। इसके बाद विभाग ने नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की।

बावा होटल पर 60 लाख रुपये की पेनाल्टी

मुंगेली के पड़ाव चौक स्थित वैष्णव मिष्ठान भंडार (बावा होटल) पर जीएसटी विभाग की कार्रवाई सबसे बड़ी बताई जा रही है। विभाग ने यहां 60 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने के साथ टैक्स संबंधी कार्रवाई की है।

जीएसटी विभाग की ओर से की गई जांच में सामने आए दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। विभाग की ओर से टैक्स देनदारी और अन्य अनियमितताओं को लेकर आगे की प्रक्रिया भी की जा रही है।

बिलासपुर में गुटखा, ड्राई फ्रूट्स और तेल कारोबारियों पर नजर

बिलासपुर के व्यापार विहार में भी जीएसटी टीम ने तीन कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर जांच की। इनमें गुटखा, ड्राई फ्रूट्स और तेल का कारोबार करने वाले व्यापारी शामिल बताए गए हैं।

विभाग की टीम ने कारोबार से संबंधित बिल, स्टॉक और टैक्स रिकॉर्ड की जांच की। जीएसटी विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य टैक्स चोरी और बिलिंग में होने वाली अनियमितताओं पर रोक लगाना है।

About The Author