लाइट बंद होते ही स्टेज के पीछे खूनी वारदात, युवक को धारदार हथियार से काटा
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा कार्यक्रम के दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। लेमरू थाना क्षेत्र के खैरभवना गांव में रावण दहन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अज्ञात हमलावर ने युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा और फिर सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
लाइट बंद होते ही स्टेज के पीछे हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, घटना सतरेंगा के खैरभवना गांव की है। गुरुवार रात रावण दहन के बाद गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। सतरेंगा निवासी राकेश कंवर अपने भाई राजू कंवर के साथ कार्यक्रम देखने पहुंचा था। रात करीब 2 बजे अचानक कार्यक्रम स्थल की लाइट बंद हो गई। इसी दौरान राकेश स्टेज के पीछे अंधेरे में गया, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वार सीधे उसकी गर्दन पर किया गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जमीन पर लहूलुहान मिला युवक, आरक्षक ने पहुंचाया अस्पताल
हमले में गंभीर रूप से घायल राकेश जमीन पर गिर पड़ा। कार्यक्रम स्थल पर लेमरू थाना पुलिस की तैनाती थी। इसी दौरान एक आरक्षक की नजर घायल युवक पर पड़ी। उसने तत्काल राकेश को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा रेफर किया गया। डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए उसे सिम्स बिलासपुर भेज दिया।
भाई ने कहा- कार्यक्रम में किसी से नहीं हुआ था विवाद
घायल राकेश के छोटे भाई ने पुलिस को बताया कि रावण दहन या सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान किसी के साथ कोई विवाद नहीं हुआ था। उसे यह भी जानकारी नहीं है कि उसके भाई पर किसने और किस वजह से हमला किया। अचानक हुई इस वारदात से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
अज्ञात हमलावर के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस कर रही तलाश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि रावण दहन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
कोरबा के दशहरा मैदान में पहले भी हो चुकी है हत्या
गौरतलब है कि इससे पहले कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित दशहरा मैदान में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान चाकू से हमला किया गया था। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने उस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब खैरभवना गांव में दशहरा कार्यक्रम के दौरान युवक पर हुए हमले ने एक बार फिर सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।










