कोरबा मेडिकल कॉलेज पार्किंग से फिर दो बाइक चोरी:CCTV नहीं, ठेकेदार बदलने के बाद भी वारदातें जारी; लोगों ने सुरक्षा पर उठाए सवाल
कोरबा के जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल की पार्किंग से लगातार बाइक चोरी हो रही हैं। मोबाइल चोरी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। सुरक्षा के लिए न तो CCTV कैमरे हैं और न ही कोई जिम्मेदारी लेने वाला है। लगातार शिकायतों के बाद अस्पताल प्रबंधन ने पार्किंग का ठेका बदलकर राधा रानी ट्रेडर्स रायगढ़ को दिया है।
रूमगड़ा के रोहित शर्मा ने बताया कि वे अपने भाई के बच्चे के जन्म के कारण पांच दिन से अस्पताल में रुके थे। उन्होंने रात में अपनी स्प्लेंडर बाइक पार्किंग स्टैंड में खड़ी की थी। सुबह तक बाइक वहीं थी, लेकिन दोपहर में जब वे घर जाने निकले तो बाइक गायब मिली।
बाइक चोरी के बाद पार्किंग संचालक ने थाने जाने से रोका
रोहित के अनुसार, पार्किंग संचालक ने पहले एक घंटा, फिर एक दिन का समय मांगा। उसने रोहित से कहा कि थाने न जाएं, वह किसी भी हालत में गाड़ी ढूंढ कर देगा। मौके पर ठेकेदार का मालिक भी मौजूद नहीं था।
रोहित का आरोप है कि 10 रुपए पर्ची के नाम पर वसूले जाते हैं। साथ ही कहा जाता है कि अगर पर्ची नहीं कटवाई तो चोरी की जिम्मेदारी उनकी नहीं होगी। पार्किंग में एक भी कैमरा नहीं लगा है।
अस्पताल से चोरी हुई बाइक एक महीने बाद मिली
मानिकपुर के रितिक उरांव ने बताया कि एक तारीख को उनकी बाइक इमरजेंसी गेट के पास से चोरी हो गई थी। वे ड्यूटी पर आए थे और चाय पीने ट्रामा गेट गए थे। करीब एक महीने बाद वही बाइक ट्रामा गेट के सामने खराब हालत में खड़ी मिली।
पूछताछ में पता चला कि चोरों ने बाइक को पांच हजार रुपए में दूसरे लड़के को बेच दिया था। उस लड़के के पास बाइक के कोई कागज नहीं थे। गाड़ी की बैटरी और कई पार्ट्स चोरी हो चुके थे, और बॉडी भी टूटी हुई थी। रितिक को नया सामान लगवाना पड़ा।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मरीजों के परिजन और अस्पताल स्टाफ में डर का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से कमजोर दिख रही है। सवाल उठने के बाद प्रबंधन ने अब नया ठेका दिया है। हालांकि, पीड़ितों ने पुलिस से पुराने मामलों में कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने पार्किंग में CCTV कैमरे लगाने और रजिस्टर मेंटेन करने की भी मांग की है।









