कोरबा में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग पर कार्रवाई:एनटीपीसी पर 15 लाख का कॉम्पेन्सेशन; रूमगरा में सुनसान जमीन पर डंप की जा रही थी
कोरबा जिले में अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग के खिलाफ छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने कार्रवाई की है। क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा ने एनटीपीसी लिमिटेड जमनीपाली पर 15 लाख रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाई है।
क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर ने बताया कि विभाग को फोन पर सूचना मिली थी। रूमगरा हवाई पट्टी चौक के पास गुप्ता होटल के नजदीक जमीन पर अवैध रूप से फ्लाई ऐश डंप किए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना के बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहां कई वाहनों से फ्लाई ऐश डंप की जा रही थी।
जांच में पता चला कि वाहनों में एनटीपीसी लिमिटेड जमनीपाली के धनरास राखड़ बांध से फ्लाई ऐश लाई गई थी। इसे सुनसान जमीन पर अवैध रूप से डंप किया जा रहा था। खुले में फ्लाई ऐश फेंकने से पर्यावरण के साथ आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है।
एनटीपीसी अधिकारियों को दी जानकारी
मामले की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय अधिकारी ने एनटीपीसी लिमिटेड जमनीपाली के अधिकारियों को सूचना दी और अवैध डंपिंग तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर डंप की गई फ्लाई ऐश की मात्रा का आकलन भी किया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर लगाया जुर्माना
जांच रिपोर्ट के आधार पर पर्यावरण संरक्षण मंडल ने एनटीपीसी लिमिटेड जमनीपाली पर 15 लाख रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाई है। विभाग ने कहा कि फ्लाई ऐश का अवैध परिवहन और डंपिंग पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन है।
अवैध डंपिंग पर लगातार निगरानी
क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर ने बताया कि कोरबा में फ्लाई ऐश के अवैध परिवहन और डंपिंग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में वाहनों को पकड़कर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसी गतिविधियां मिलने पर जिम्मेदार व्यक्ति या संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अधिक जुर्माना लगाया जाएगा।।









